Bihar Crime News: बिहार के दरभंगा में आपसी विवाद के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. घटना लहेरियासराय थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार की है, जहां शुक्रवार सुबह चाचा और भतीजे के बीच विवाद के बाद चाचा की जान चली गई. हत्या का आरोप मृतक के भतीजे अनुराग सिंह पर लगा है. घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
मृतक की पहचान भगवान बाबू सिंह के 20 वर्षीय पुत्र अंकित सिंह के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि चाचा और भतीजे के बीच किसी बात को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. शुक्रवार सुबह दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी हुई. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अनुराग सिंह ने अंकित सिंह पर चाकू से हमला कर दिया.
हमले में अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही लहेरियासराय थाना की पुलिस सक्रिय हो गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
एसडीपीओ राजीव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है. पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.