DARBHANGA: बिहार के दरभंगा जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। बहेड़ी थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय सुरेश साहू का शव आम के बगीचे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने ग्रुप लोन की किस्त वसूली के लिए आने वाले कलेक्शन एजेंटों पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, सुरेश साहू पर ग्रुप लोन की करीब 20 हजार 400 रुपये की किस्त पांच महीने से बकाया थी। इसी रकम की वसूली के लिए कलेक्शन एजेंट बार-बार उनके घर पहुंचते थे और पैसे जमा करने का दबाव बनाते थे।
परिजनों का आरोप है कि वसूली के दौरान एजेंट उनकी पत्नी और बहू के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी भी करते थे। परिवार का दावा है कि लगातार मिल रही कथित प्रताड़ना और मानसिक दबाव से परेशान होकर सुरेश साहू ने यह कदम उठाया। हालांकि, मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाना की पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि सुरेश साहू की मौत किन परिस्थितियों में हुई और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।