DARBHANGA:छठ की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पटाखा फोड़ने के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 13 साल के मासूम की जान चली गई।
घटना दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र के मिटुनियां गांव की है। बताया जा रहा है कि बच्चा पटाखे को स्टील के ग्लास से ढककर फोड़ने की कोशिश कर रहा था। तभी जोरदार धमाका हुआ और ग्लास के टुकड़े बच्चे के गले में जा घुसे। गंभीर रूप से घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मृतक की पहचान 13 वर्षीय आयुष कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, छठ पूजा के दौरान आयुष पटाखा फोड़ रहा था। इसी दौरान उसने बम को स्टील के ग्लास से ढक दिया। पटाखे में विस्फोट होते ही ग्लास के टुकड़े चारों तरफ बिखर गए। इनमें से एक धारदार टुकड़ा आयुष के गले में जा लगा और उसकी गर्दन की नस कट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
खून से लथपथ आयुष को परिजन आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां-पिता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। परिवार को अब जिला प्रशासन की ओर से मिलने वाली सहायता और मुआवजे का इंतजार है। छठ जैसे पावन पर्व पर हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।