दरभंगा: बिहार के दरभंगा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही पांच साल के मासूम बेटे की हसुआ से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी पर भी जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की।


इस घटना में पांच वर्षीय मासूम आर्यन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर किया गया है।


घटना सकतपुर थाना क्षेत्र के शेरपुर नारायणपुर पंचायत स्थित दरगाह टोला की है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। इसी दौरान पिता ने हसुआ से अपने बेटे का गला रेत दिया। इसके बाद पत्नी पर भी हमला कर दिया और फिर खुद को भी जख्मी कर लिया।


पुलिस और FSL की टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ FSL की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।


फिलहाल, इस वारदात के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घायलों की स्थिति में सुधार होने के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।


पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि आखिर एक पिता ने अपने कलेजे के टुकड़े की जान क्यों ले ली?