Bihar Crime News: छठ पर्व पर मुंबई से अपने घर लौट रहे एक मजदूर को नशाखुरानी गिरोह ने अपना शिकार बना लिया. बदमाशों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और उसका मोबाइल, नकदी समेत बैग में रखा सारा सामान लेकर फरार हो गए. गुरुवार की सुबह मजदूर दरभंगा-जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला.


मामला दरभंगा-जयनगर एनएच-527 बी का है. हाजीपुर-खिरमा के बीच मोहनीपुल के समीप गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े एक युवक पर पड़ी. युवक बेहोशी की हालत में था. इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना केवटी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, केवटी-रनवे में भर्ती कराया. फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.


बेहोश मिले युवक की पहचान मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र अंतर्गत कपिलेश्वरस्थान गांव निवासी कमल राम के 40 वर्षीय पुत्र अरुण राम के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अरुण राम मुंबई में रहकर मजदूरी करता था. छठ पर्व पर परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए वह मुंबई से अपने गांव लौट रहा था.


इसी दौरान रास्ते में नशाखुरानी गिरोह के सदस्यों ने उसे अपना शिकार बना लिया. बदमाशों ने उसे बेहोश कर उसका मोबाइल फोन, बैग, नकदी और उसमें रखे अन्य सामान लूट लिए. इसके बाद उसे सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए.


गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने युवक को सड़क किनारे बेसुध पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. केवटी थाना पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल अरुण राम का इलाज चल रहा है. वहीं, उसके साथ हुई लूट की घटना को लेकर पुलिस आगे की जानकारी जुटा रही है.