Bihar Road Accident: बिहार के दरभंगा जिले के फेकला थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घोड़ियां से पड़री जाने वाली सड़क पर तेलिया पोखर के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।
मृतकों की पहचान गोढ़िया कुशोथर गांव निवासी रामबाबू सदा के पुत्र सुंदर सदा (20) और सदर थाना क्षेत्र के खरथूआ गांव निवासी निरगुन सदा के पुत्र अजय सदा (21) के रूप में हुई है। दोनों युवक मजदूरी का काम करते थे।
बताया जाता है कि शुक्रवार शाम काम खत्म करने के बाद दोनों युवक घर लौटे थे। इसके कुछ देर बाद वे बाइक से पड़री चौक जाने के लिए निकले थे। घर से करीब एक किलोमीटर दूर तेलिया पोखर के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही फेकला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए डीएमसीएच (दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। अजय सदा अपनी मां शीला देवी के साथ अपने ननिहाल गोढ़िया में रहता था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं सुंदर सदा की मौत से उसके परिवार में भी मातम छा गया।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन डीएमसीएच पहुंचे। दो युवकों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।