Bihar News: बिहार और मिथिला के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दरभंगा एयरपोर्ट पर अब कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (CPTI) स्थापित करने का रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय रक्षा मंत्रालय ने इसके लिए जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी कर दिया है। इस फैसले से पायलट बनने का सपना देखने वाले युवाओं को अपने क्षेत्र में ही एविएशन ट्रेनिंग प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।




बिहार सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग ने दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि राज्य सरकार के अनुरोध पर रक्षा मंत्रालय ने दरभंगा एयरपोर्ट पर पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित करने के लिए आवश्यक NOC जारी कर दी है। विभाग के मुताबिक, मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है।




बता दें कि इसी साल 18 अप्रैल को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संबंधित विभाग को दरभंगा एयरपोर्ट पर फ्लाइट ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (FTO) स्थापित करने की दिशा में जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया था।




इसके बाद बिहार सरकार के नागरिक उड्डयन विभाग ने 14 मई को केंद्रीय रक्षा मंत्रालय से संपर्क कर इस परियोजना के लिए आवश्यक सहमति और NOC मांगी थी। अब रक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।




दरभंगा के सांसद और दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि दरभंगा में कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।




सांसद के अनुसार, रक्षा मंत्रालय और नागर विमानन मंत्रालय से आवश्यक NOC मिलने के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाने का रास्ता खुल गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस संस्थान की स्थापना से मिथिला क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और एविएशन सेक्टर में करियर बनाने के नए अवसर पैदा होंगे।