Bihar Crime News: दरभंगा में चोरों ने एक ही मकान में रहने वाले किरायेदारों और मकान मालिक के कमरों को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. बहादुरपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में चोर पांच कमरों का ताला तोड़कर 40 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए. चोरी की पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की तस्वीर सामने आई है.


जानकारी के अनुसार, छठ पर्व के मौके पर मकान मालिक दीपेन्द्र कुमार समेत सभी किरायेदार अपने-अपने घर गए हुए थे. इसी का फायदा उठाकर तीन अज्ञात चोरों ने 15 नवंबर की रात करीब दो बजे मकान को निशाना बनाया. चोरों ने मकान के पांच कमरों का ताला तोड़कर बारी-बारी से चोरी की और कीमती सामान लेकर फरार हो गए.


मकान मालिक समेत चार किरायेदारों के कमरों में चोरी

चोरों ने सबसे पहले मकान मालिक दीपेन्द्र कुमार के कमरे को निशाना बनाया. वहां से 50 हजार रुपये नकद और करीब 5 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए. इसके बाद किरायेदार प्रतिभा कुमारी के कमरे से 15 हजार रुपये नकद और करीब 11 लाख रुपये के गहने लेकर फरार हो गए.


वहीं, प्रमोद कुमार यादव के कमरे से 50 हजार रुपये नकद और करीब 15 लाख रुपये के जेवरात चोरी हुए. रेखा सिंह के कमरे से 25 हजार रुपये नकद और करीब 4 लाख रुपये के गहने चुरा लिए गए. इसके अलावा संतोष कुमार सहनी के कमरे से भी 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए.


40 लाख से अधिक के जेवरात और नकदी गायब

इस पूरी वारदात में मकान मालिक और किरायेदारों को मिलाकर 40 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद की चोरी हुई है. सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मकान मालिक और किरायेदारों को इसकी सूचना दी गई. कमरों का ताला टूटा देखकर सभी के होश उड़ गए.


CCTV में कैद हुई चोरों की तस्वीर

चोरी की यह पूरी वारदात मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में तीन अज्ञात चोरों की गतिविधियां सामने आई हैं. मामले को लेकर गृहस्वामी दीपेन्द्र कुमार ने बहादुरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.