Bihar News: दरभंगा में डीएम कौशल कुमार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए जिले के विभिन्न अंचलों में तैनात 128 राजस्व कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इन सभी पर सामूहिक अवकाश लेकर विभागीय कार्यों में बाधा डालने का आरोप है। निलंबन 16 अप्रैल से प्रभावी माना जाएगा।
जिलाधिकारी ने निलंबित कर्मचारियों के खिलाफ आरोप पत्र (प्रपत्र ‘क’) गठित कर विभागीय कार्रवाई शुरू करने का भी आदेश दिया है। प्रशासन का कहना है कि राजस्व कर्मचारियों द्वारा हड़ताल को सामूहिक अवकाश के रूप में अपनाकर सरकारी कार्यों में व्यवधान पैदा किया गया।
निलंबित कर्मचारियों में सदर अंचल के 10, बहादुरपुर के 9, बहेड़ी के 12, हायाघाट के 8, हनुमाननगर के 5, सिंहवाड़ा के 10, केवटी के 11, जाले के 11, मनीगाछी के 7, तारडीह के 4, बेनीपुर के 9, अलीनगर के 4, बिरौल के 7, गौड़ाबौराम के 4, किरतपुर के 2, घनश्यामपुर के 5, कुशेश्वरस्थान के 5 और कुशेश्वरस्थान पूर्वी के 5 कर्मचारी शामिल हैं।
डीएम कौशल कुमार ने बताया कि सभी मामलों में त्वरित विभागीय कार्रवाई करते हुए सेवा से बर्खास्तगी की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। यह कार्रवाई राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देशों के आलोक में की गई है। बताया गया कि विभिन्न कर्मचारी संगठनों की अपील पर 11 फरवरी से चल रहे सामूहिक अवकाश के कारण सरकारी कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही थी, जिसके चलते यह सख्त कदम उठाया गया है।