Bihar Weather Alert: बिहार में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। विभाग के अनुसार मेघ गर्जन, वज्रपात (ठनका), तेज हवा और मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
पहले जारी अलर्ट में सुपौल जिला के लिए विशेष चेतावनी दी गई थी, जहां दोपहर 1:35 बजे तक मौसम के खतरनाक बने रहने की आशंका जताई गई। इसके तुरंत बाद विभाग ने अलर्ट का दायरा बढ़ाते हुए अररिया जिला, दरभंगा जिला, पूर्णिया जिला, मधेपुरा जिला, सहरसा जिला और सुपौल जिला को भी इसमें शामिल कर लिया। इन सभी जिलों में दोपहर 1:50 बजे तक ऑरेंज अलर्ट प्रभावी रहने की बात कही गई है।
विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) का खतरा अधिक है, जो जानलेवा साबित हो सकता है। इसके साथ ही तेज हवाएं और बारिश से पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जलजमाव जैसी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर न निकलें। खासकर खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। किसानों और मजदूरों को भी इस दौरान काम रोककर सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
आपदा प्रबंधन विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अलर्ट को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। स्थानीय प्रशासन को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।
सावधानी ही बचाव है — मौसम सामान्य होने तक सतर्क रहें।