Bihar Police: बिहार के दरभंगा में शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोप में एक प्रशिक्षु दरोगा की मुश्किलें बढ़ गई हैं. केवटी थाना में पदस्थापित प्रशिक्षु दरोगा नीतीश कुमार पर युवती ने नौ महीने तक अलग-अलग होटलों में ले जाकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी के नाम पर 30 लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है. मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एसएसपी के आदेश पर आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, महिला थाना पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.


जानकारी के अनुसार, सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने 17 नवंबर को महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसमें उसने आरोप लगाया कि प्रशिक्षु दरोगा नीतीश कुमार ने मंदिर में शादी करने का भरोसा देकर करीब नौ महीने तक उसका यौन शोषण किया. इस दौरान आरोपी उसे अलग-अलग होटलों में ले जाता था और उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बना लिए थे.


पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी पर सामाजिक रूप से शादी करने का दबाव बनाया तो उसने कथित तौर पर 30 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी. रुपये नहीं देने पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी गई. इसी बीच युवती को जानकारी मिली कि आरोपी की नवंबर महीने में किसी दूसरी लड़की से सगाई होने वाली है. इसके बाद उसने महिला थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई.


एसएसपी ने किया निलंबित, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जाला रेड्डी ने प्रशिक्षु दरोगा नीतीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसके बाद महिला थाना पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है. आरोपी के घर और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है.


इस मामले में पीड़िता का न्यायालय में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 183 के तहत बयान भी दर्ज कराया गया है. प्रभारी महिला थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है. न्यायालय और वरीय अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.