Bihar Crime News: राजस्थान पुलिस की खुफिया एजेंसियों ने एक जासूसी नेटवर्क का खुलासा करते हुए बिहार के दरभंगा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि युवक सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में था और देश से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां भेज रहा था. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं.


गिरफ्तार युवक की पहचान 20 वर्षीय कृष्ण राय उर्फ शान के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. हालांकि उसका परिवार पिछले कुछ वर्षों से राजस्थान के हनुमानगढ़ में रह रहा था. पुलिस के अनुसार युवक लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे शहजाद भट्टी नाम के व्यक्ति के संपर्क में था.


बताया जा रहा है कि आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे सोशल मीडिया ऐप के जरिए लगातार बातचीत कर रहा था. जांच एजेंसियों को शक है कि इसी दौरान उसने देश से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां साझा की हैं. हालांकि अभी पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसने किस तरह की जानकारी भेजी और इसके बदले उसे किसी तरह का फायदा मिला या नहीं.


पुलिस ने मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किए

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जब्त कर लिया गया है. अब इनकी जांच फॉरेंसिक टीम के जरिए कराई जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क की जानकारी सामने आ सके.


पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कृष्ण राय के संपर्क में और कौन-कौन लोग थे. इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि यह गतिविधि कितने समय से चल रही थी और क्या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था.


24 जून को दर्ज हुआ था मामला

इस मामले में आरोपी के खिलाफ 24 जून को आधिकारिक रूप से केस दर्ज किया गया था. इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच तेज की और कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी.


राजस्थान पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि देश की सुरक्षा से जुड़े मामले में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी. आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है.