Maithili Thakur Audio Viral: दरभंगा के अलीनगर से भाजपा विधायक और मशहूर गायिका मैथिली ठाकुर का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में मैथिली अपने विधानसभा क्षेत्र के एक युवक गौतम झा को गुस्से में अपशब्द बोलती और धमकाती सुनाई दे रही हैं। हालांकि वायरल ऑडियो की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता है।
दरभंगा के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र से BJP विधायक मैथिली ठाकुर और सामाजिक कार्यकर्ता गौतम कुमार झा के बीच कथित फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह ऑडियो नदियामी पंचायत के लक्ष्मीपुर टोल निवासी लापता किशोर सुभाष चौपाल के मामले से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की पुष्टि FIRST BIHAR नहीं करता है।
मिली जानकारी के अनुसार, 26 जून को हैदराबाद से घर लौटने के दौरान ट्रेन यात्रा के दौरान सुभाष चौपाल लापता हो गए थे। उनकी बरामदगी नहीं होने पर सामाजिक कार्यकर्ता गौतम कुमार झा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
इसी के बाद विधायक और सामाजिक कार्यकर्ता के बीच कथित रूप से फोन पर बातचीत हुई, जिसका ऑडियो रिकॉर्डिंग अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक सुनाई दे रही है। बातचीत के दौरान विधायक की ओर से कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का दावा किया जा रहा है, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता उन्हें संयमित भाषा का प्रयोग करने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता ने लगाए आरोप
गौतम कुमार झा का आरोप है कि वीडियो पोस्ट करने के बाद उन्हें विधायक का फोन आया, जिसमें कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया और कहा गया कि "अलीनगर विधानसभा में रहने लायक तुम नहीं हो।" उन्होंने दावा किया कि इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है।
ऑडियो की पुष्टि नहीं हो सकी है
वायरल ऑडियो सामने आने के बाद क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर लोग इस मामले को लेकर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। हालांकि, वायरल ऑडियो की पुष्टि फर्स्ट बिहार नहीं करता है और ना ही इस संबंध में किसी सक्षम एजेंसी की आधिकारिक रिपोर्ट सामने आई है।
लापता सुभाष चौपाल की बरामदगी की मांग तेज
इधर, सुभाष चौपाल के लापता होने के 12 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को मिथिला स्टूडेंट यूनियन (एमएसयू) के प्रतिनिधिमंडल ने उनके घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और मामले की जानकारी ली।
एमएसयू ने प्रशासन से विशेष जांच टीम गठित कर सुभाष चौपाल की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने यह भी कहा कि जांच की प्रगति से परिजनों को नियमित रूप से अवगत कराया जाए। एमएसयू के प्रतिनिधि गौतम कुमार झा ने कहा कि यदि प्रशासन जल्द प्रभावी कार्रवाई कर सुभाष चौपाल का पता लगाने में विफल रहता है तो संगठन क्षेत्रवासियों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से जन आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।