Bihar Crime News: सीतामढ़ी के पुपरी थाना क्षेत्र में चाय के पैसे के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद सोमवार शाम खूनी वारदात में बदल गया. मधुबनी चौक पर एक मुर्गा दुकानदार ने चाय विक्रेता की धारदार हथियार से हत्या कर दी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. वारदात से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
मृतक की पहचान पुपरी थाना क्षेत्र निवासी मुसहर दास के 30 वर्षीय पुत्र उदय कुमार के रूप में हुई है. उदय कुमार मधुबनी चौक पर चाय की दुकान चलाते थे और इसी से अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. हत्या का आरोप मो. जहागिर आलम के पुत्र आफताब आलम पर लगा है, जो मधुबनी चौक पर मुर्गा की दुकान चलाता है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, उदय कुमार और आफताब आलम के बीच चाय के पैसे के लेनदेन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. सोमवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आफताब आलम ने कथित तौर पर धारदार हथियार से उदय कुमार पर हमला कर दिया. हमले में उदय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई.
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई. आक्रोशित लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर जाम कर दिया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे.
घटना की सूचना मिलने के बाद सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया और कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया.
आरोपी आफताब आलम गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आफताब आलम को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की बरामदगी के लिए भी कार्रवाई कर रही है. पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
एसपी अमित रंजन ने कहा कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. घटना के बाद इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है.