BUXAR: बिहार के बक्सर जिले में सस्ती गाड़ी खरीदने का मौका मिलने जा रहा है। यहां 13 अक्टूबर को 26 जब्त वाहनों की नीलामी होगी। 


साइकिल, बाइक, ऑटो, ई-रिक्शा और कार भी निलामी में शामिल हैं। सबसे सस्ती साइकिल की कीमत सिर्फ 110 रुपये रखी गई है, जबकि एक बाइक की शुरुआती कीमत करीब 4 हजार रुपये है।


यह नीलामी बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत जब्त किए गए वाहनों की होगी। नीलामी की प्रक्रिया 13 अक्टूबर की सुबह 11 बजे से समाहरणालय के सभाकक्ष में शुरू होगी।


साइकिल से लेकर कार तक की होगी नीलामी

नीलामी में दो साइकिलें शामिल हैं। इनमें एवन साइकिल की शुरुआती कीमत 110 रुपये और एटलस साइकिल की कीमत 132 रुपये रखी गई है। इसके अलावा 9 बाइक की भी नीलामी होगी। जिनमें TVS अपाचे, बजाज पल्सर, प्लेटिना, होंडा और रिवोल्ट इलेक्ट्रिक जैसी बाइक शामिल हैं। इनकी शुरुआती कीमत 3,958 रुपये से लेकर 44,484 रुपये तक रखा गया है।


ऑटो और ई-रिक्शा भी खरीद सकेंगे 

नीलामी में सबसे ज्यादा संख्या ऑटो और ई-रिक्शा की है। कुल 12 तिपहिया वाहनों में 8 सीएनजी या डीजल ऑटो और 4 ई-रिक्शा शामिल हैं। ऑटो की शुरुआती कीमत 16,360 रुपये से 53,810 रुपये तक रखी गई है। वहीं, ई-रिक्शा की कीमत 21,956 रुपये से 32,287 रुपये तक है।


इसके अलावा तीन कारें भी नीलामी में शामिल हैं। इनमें टाटा इंडिगो, हुंडई आई-10 और सेंट्रो शामिल हैं। इनकी शुरुआती कीमत 23,678 रुपये से 43,910 रुपये तक तय की गई है।


नीलामी में शामिल होने के लिए क्या करना होगा?

नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोगों को संबंधित वाहन की निर्धारित शुरुआती कीमत का 10 प्रतिशत अग्रधन जमा करना होगा। इसके लिए 10 अक्टूबर तक उत्पाद अधीक्षक कार्यालय में राशि जमा करनी होगी। 16 अक्टूबर तक वाहन की पूरी कीमत जमा करनी होगी। इसके बाद जिला परिवहन कार्यालय से निबंधन शुल्क की रसीद लेने के बाद संबंधित थाना परिसर से वाहन लिया जा सकेगा।


यदि कोई तय समय पर पूरी राशि जमा नहीं करता है, तो उसकी जमा राशि जब्त कर लिया जाएगा। इसके बाद दूसरे नंबर पर बोली लगाने वाले व्यक्ति को मौका दिया जा सकता है।


वाहन नहीं बिके तो फिर होगी नीलामी

अगर 13 अक्टूबर को सभी वाहन नहीं बिकते हैं, तो बचे हुए वाहनों की नीलामी 14 अक्टूबर को होगी। इसके बाद भी वाहन बचने पर हर मंगलवार को दोबारा नीलामी की जाएगी। इस दौरान वाहनों की न्यूनतम कीमत में हर बार 10 प्रतिशत की कमी की जाएगी। इस तरह बक्सर में कम कीमत पर साइकिल, बाइक, ऑटो, ई-रिक्शा और कार खरीदने का मौका मिलेगा। हालांकि, खरीदारों को वाहन उसकी मौजूदा स्थिति में ही स्वीकार करना होगा।