Bihar Road Accident: बिहार के बक्सर जिले में पटना-बक्सर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-922) पर सोमवार की अहले सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. नया भोजपुर थाना क्षेत्र के प्रताप सागर गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से एक डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में डंपर चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक अंदर फंस गए.
घटना प्रताप सागर गांव के समीप सरकारी बोरिंग के पास हुई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए. ग्रामीणों ने तुरंत नया भोजपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया.
जेसीबी से काटना पड़ा डंपर का केबिन
टक्कर के बाद डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. चालक और खलासी केबिन के अंदर फंस गए थे, जिसके कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई. इसके बाद जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर दोनों को बाहर निकाला गया. हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी.
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र निवासी रामविलास यादव के 25 वर्षीय पुत्र रामानंद यादव और 22 वर्षीय ललित यादव के रूप में हुई है. रामानंद डंपर चला रहे थे, जबकि ललित खलासी के रूप में उनके साथ थे. दोनों की मौत की खबर मिलने के बाद उनके परिजनों में शोक का माहौल है.
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, डंपर चलाने के दौरान चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है. हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल सकेगा.
नया भोजपुर के प्रभारी थानाध्यक्ष ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है. दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.