Bihar News: बक्सर के डुमरांव में सोमवार सुबह बारिश के दौरान मिट्टी का घर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में घर में सो रहे 74 वर्षीय महेंद्र यादव की मलबे में दबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
घटना कोरान सराय थाना क्षेत्र के सूरज डेरा (मुगांव) गांव की है। बताया गया कि सोमवार सुबह बारिश हो रही थी। इसी दौरान महेंद्र यादव अपने मिट्टी के घर में खटिया पर सो रहे थे। अचानक मकान के ऊपरी हिस्से की मिट्टी की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई।
घर गिरने की आवाज सुनकर परिजन घबरा गए और चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर बुजुर्ग को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कोरान सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतक के इकलौते पुत्र कल्लू यादव और भाई निर्मल यादव ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है। महेंद्र यादव की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में भी मातम का माहौल है।