Ganga High Speed Corridor: बिहार में विकास की दिशा में एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम चल रहा है, जो आने वाले वर्षों में राज्य की तस्वीर बदल सकती है. गंगा नदी के किनारे बक्सर से भागलपुर तक लगभग 260 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है. ‘गंगा पथ’ नाम की यह परियोजना केवल एक सड़क निर्माण योजना नहीं होगी, बल्कि इसके जरिए गंगा तट के आसपास नए शहरी क्षेत्रों, आर्थिक गतिविधियों और पर्यटन केंद्रों का भी विकास किया जाएगा.


प्रस्तावित कॉरिडोर बक्सर, आरा, कोईलवर, पटना, फतुहा, मोकामा, मुंगेर और भागलपुर जैसे प्रमुख शहरों और कस्बों को जोड़ते हुए गंगा के समानांतर विकसित किया जाएगा. योजना के अनुसार शुरुआत में इसे फोर लेन सड़क के रूप में बनाया जाएगा, जबकि भविष्य में यातायात की जरूरत के अनुसार इसे छह या आठ लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा. इस मार्ग पर वाहनों की डिजाइन स्पीड करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा रखने की तैयारी है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा काफी तेज और सुगम हो जाएगी.


इस परियोजना का सबसे बड़ा उद्देश्य गंगा किनारे बसे छोटे शहरों और कस्बों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है. वर्तमान में जिन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और निवेश की कमी है, वहां सड़क संपर्क बेहतर होने के बाद उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रियल एस्टेट गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. 


गंगा पथ के दोनों ओर आधुनिक शहरी विकास की भी परिकल्पना की गई है. रिवरफ्रंट, पार्क, सांस्कृतिक केंद्र, फूड स्ट्रीट, ओपन एयर थिएटर और मनोरंजन स्थलों का निर्माण कर इसे पर्यटन के लिहाज से भी आकर्षक बनाया जाएगा. खासकर पटना, कोईलवर, मोकामा और मुंगेर जैसे क्षेत्रों में नए शहरी केंद्र विकसित होने की संभावना जताई जा रही है.


परियोजना के पीछे यह सोच भी है कि जिस प्रकार प्राचीन काल में गंगा के किनारे सभ्यताएं विकसित हुईं और पाटलिपुत्र जैसे ऐतिहासिक नगर अस्तित्व में आए, उसी तरह आधुनिक दौर में भी गंगा तट को विकास का केंद्र बनाया जाए. सरकार की दीर्घकालिक योजना के तहत 2047 तक गंगा किनारे आधुनिक बुनियादी ढांचे, बेहतर परिवहन व्यवस्था और सुनियोजित शहरी विकास का नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है.


हाई-स्पीड कॉरिडोर बनने के बाद माल ढुलाई, पर्यटन, निवेश और रोजगार के अवसरों में बड़ा इजाफा होगा. साथ ही गंगा किनारे बसे कई छोटे शहरों का कायाकल्प संभव होगा. बेहतर सड़क संपर्क से लोगों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी.


यदि यह परियोजना तय समय पर पूरी होती है, तो गंगा किनारे विकसित होने वाला यह कॉरिडोर बिहार के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल होगा और राज्य के विकास मॉडल को नई पहचान दे सकता है.