Bihar Crime News: गोपालगंज में जमीन और पानी प्लांट को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को हिंसक हो गया. नगर थाना क्षेत्र के बसडिला गांव के पास एक युवक को गोली मार दी गई. गोली युवक के मुंह के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया.
घायल युवक की पहचान बसडीहला नौका टोला निवासी जगदीश प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र बुलेट कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि उसकी जमीन पर एक व्यक्ति ने किराये पर पानी का प्लांट लगा रखा था. इसी जमीन को खाली कराने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था.
परिजनों के अनुसार, बुलेट कुमार आरोपी से लगातार अपनी जमीन खाली करने की मांग कर रहा था. पानी प्लांट को लेकर भी दोनों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति बनी हुई थी. इसी विवाद के बीच गुरुवार को आरोपी ने युवक पर गोली चला दी. गोली उसके मुंह के पास से निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़ा.
जमीन खाली कराने को लेकर चल रहा था विवाद
परिजनों का आरोप है कि पानी प्लांट और जमीन को लेकर पहले से ही दोनों पक्षों के बीच विवाद था. आरोपी की कुछ हरकतों को लेकर भी युवक नाराज था. इसी वजह से विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था. गुरुवार को इसी विवाद के दौरान गोलीबारी की घटना हो गई.
गोलीबारी की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घायल को सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया.
फिलहाल पुलिस जमीन विवाद, पानी प्लांट को लेकर हुए विवाद और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. घटना में शामिल लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा रहा है.