Bihar Cabinet Meeting:पटना के मुख्य सचिवालय स्थित मंत्रिमंडल कक्ष में चल रही कैबिनेट की बैठक खत्म हो गयी है। आज की बैठक में कुल 64 प्रस्तावों पर मुहर लगी है। पूर्व सीएम नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट जेपी गंगा पथ का विस्तार किया जाएगा। अब बक्सर तक इसका निर्माण किया जाएगा।
बता दें कि पटना के दीदारगंज से दीघा तक तो अपने कार्यकाल में ही नीतीश कुमार उद्घाटन कर चुके हैं। जिस पर गाड़ियां भी भर्राटा मार रही है। नीतीश कुमार के इस ड्रीम प्रोजेक्ट का मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विस्तार करने जा रहे हैं। अब मनेर से आरा और बक्सर तक गंगा पथ का विस्तार होगा। जिसकी लंबाई 90 किलोमीटर रहेगी।
पीपीपी मोड पर बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से क्रियान्वित करने एवं डीपीआर, परामर्शी एवं ट्रांजैक्शन एडवाइजर की सेवा प्राप्त करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने अपनी स्वीकृति दी है। अब इस पर काम बहुत जल्द शुरू होगा। इसके बन जाने से पटना से बक्सर तक का सफर आसान हो जाएगा।