Bihar News: भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव स्थित सोन नदी में नहाने के दौरान तीन बालक डूब गए। स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से दो बच्चों को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बालक की तलाश जारी है। वहीं एक अन्य बालक बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। 


जानकारी के अनुसार, डूबने वाले बच्चों में अंधारी गांव निवासी रंजीत राय का पुत्र नीतीश कुमार, चिंटू राय का पुत्र हर्षित कुमार, सुभंटु राय का पुत्र निखिल कुमार तथा स्वर्गीय रामनिधि राय का पुत्र शिवम कुमार शामिल हैं। इनमें शिवम कुमार सुरक्षित बच गया। 


बताया जाता है कि रविवार की सुबह चारों बालक सोन नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से तीन बच्चे डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।


गोताखोरों की मदद से दो बच्चों को नदी से बाहर निकालकर परिजन तत्काल अरवल सदर अस्पताल ले गए। वहीं तीसरे बालक की तलाश लगातार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी में जुट गए। पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन की टीम लापता बालक की खोजबीन में लगी हुई है।