Bihar News: भोजपुर में प्रेम प्रसंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. झारखंड से बिहार आई 19 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, युवती आरोपी पर शादी करने का दबाव बना रही थी. इसी विवाद के बाद आरोपी ने उसे मिलने के बहाने बिहार बुलाया और उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गांव के बधार स्थित करहा में फेंक दिया गया था.
मामला चरपोखरी थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव का है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पड़रिया गांव निवासी योगेंद्र सिंह के पुत्र सिट्टू यादव उर्फ मंजीत कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर से मिले इनपुट के आधार पर गड़हनी इलाके से गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने युवती की हत्या करने की बात स्वीकार की है.
शादी का दबाव बना रही थी युवती
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सिट्टू यादव ने बताया कि युवती लगातार उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रही थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. आरोपी ने युवती को मिलने के बहाने अपने गांव बुलाया. पुलिस का कहना है कि इसी दौरान उसने युवती की हत्या कर दी.
हत्या के बाद शव को बधार में फेंका
आरोपी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने मामले के साक्ष्य मिटाने की कोशिश की. शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे गांव के बधार स्थित करहा में फेंक दिया गया. 29 जून की सुबह इसी स्थान से युवती का शव बरामद हुआ था. शव की हालत खराब होने के कारण उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी.
पुलिस के अनुसार, 30 जून को शव की पहचान झारखंड के गोंडा जिले की रहने वाली गुलाबी मंडल की 19 वर्षीय बेटी अंजू कुमारी के रूप में हुई. पहचान होने के बाद युवती के पिता ने चरपोखरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसमें प्रेम प्रसंग के बाद बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया गया था और सिट्टू यादव को नामजद किया गया था.
इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी दोनों की पहचान
युवती के पिता गुलाबी मंडल ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि करीब दो महीने पहले उनकी बेटी की इंस्टाग्राम के जरिए आरा के रहने वाले सिट्टू यादव से बातचीत शुरू हुई थी. बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई. इसके बाद दोनों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ था.
पिता के अनुसार, सिट्टू यादव के बुलाने पर अंजू 26 जून की सुबह करीब 9 बजे अपने घर से बिना किसी को बताए बिहार के लिए निकल गई थी. शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका.
परिजन युवती की तलाश कर ही रहे थे कि 29 जून को उन्हें पुलिस के माध्यम से उसकी हत्या की जानकारी मिली. इसके बाद परिवार के लोग आरा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां युवती का शव रखा गया था. शव की स्थिति खराब होने के कारण परिजनों के लिए उसकी पहचान करना भी मुश्किल था.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है. अब पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार की बरामदगी के प्रयास में जुटी है.