Bhojpuri Singer FIR:  बिहार के भोजपुर जिले में विवादित भोजपुरी गानों और सोशल मीडिया पर उनके प्रचार को लेकर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. जातिगत वर्चस्व दिखाने, हथियारों का प्रदर्शन करने, रंगदारी और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में भोजपुर पुलिस ने 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. इस कार्रवाई में चर्चित भोजपुरी गायक टुनटुन यादव समेत कई गायक, गीतकार, स्टूडियो संचालक और सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वाले लोग शामिल हैं.


भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है. मामला आरा साइबर थाने में दर्ज किया गया है. साइबर थाने के इंटरनेट मीडिया प्रभारी सह दारोगा निखिल राय के बयान पर यह प्राथमिकी दर्ज हुई है. पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी के दौरान छह ऐसे भोजपुरी गाने सामने आए, जिनमें कथित तौर पर जातिगत दबदबा दिखाने, हथियारों का प्रदर्शन करने और दूसरे लोगों को धमकी देने जैसी सामग्री पाई गई.


टुनटुन यादव समेत कई भोजपुरी गायक FIR में नामजद

पुलिस की प्राथमिकी में भोजपुरी गायक टुनटुन यादव के अलावा जिद्दी बाय चंदन, मिथिलेश राजा, बसंत सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, गोल्डी यादव, खुशबू राज, उज्ज्वल कुंवर, प्रियंका भास्कर, रीतेश ठाकुर, विजय यादव, सृष्टि भारती, राजा अविनाश और राधे बिहारी रोहित समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं.


इस मामले में पुलिस ने केवल गायक और गीतकारों को ही नहीं, बल्कि गानों की रिकॉर्डिंग और निर्माण से जुड़े लोगों को भी जांच के दायरे में लिया है. प्राथमिकी में सिद्धार्थ स्टूडियो, शंकराय स्टूडियो, कालिका स्टूडियो, कुंवर स्टूडियो, गंगा स्टूडियो और जागृति स्टूडियो समेत कई स्टूडियो के नाम भी शामिल हैं.


6 गाने और 8 Instagram अकाउंट पर पुलिस की नजर

जांच के दौरान भोजपुर पुलिस ने छह विवादित भोजपुरी गानों को चिह्नित किया है. इन गानों पर इंस्टाग्राम के जरिए रील और वीडियो बनाकर प्रसारित किए जा रहे थे. पुलिस को ऐसे आठ इंस्टाग्राम अकाउंट मिले हैं, जिनके माध्यम से इस तरह की सामग्री सोशल मीडिया पर साझा की जा रही थी. इसके अलावा एक यूट्यूब चैनल पर मौजूद गानों और वीडियो की भी जांच की जा रही है.


पुलिस के अनुसार, कुछ वीडियो में गानों के साथ हथियारों का प्रदर्शन किया गया है. वहीं, कई जगह जातिगत दबदबा दिखाने और दूसरे लोगों को धमकाने जैसी बातें भी सामने आई हैं. पुलिस को आशंका है कि इस तरह के गाने और वीडियो युवाओं को प्रभावित करने के साथ समाज में जातिगत तनाव बढ़ा सकते हैं.


FIR दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगा रही है कि विवादित गानों को लिखने, गाने और रिकॉर्ड करने में किन लोगों की क्या भूमिका रही है. इसके साथ ही गानों को सोशल मीडिया पर प्रचारित करने और उन पर रील बनाकर वायरल करने वाले अकाउंट संचालकों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.


पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गानों के निर्माण से लेकर उनके सोशल मीडिया पर प्रसार तक किन-किन लोगों की भूमिका रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.


SP अवधेश दीक्षित ने की FIR की पुष्टि

भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित ने मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस ऐसे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है, जो हिंसा, रंगदारी और जातिगत वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली सामग्री तैयार करने या उसे प्रसारित करने में शामिल हैं.


फिलहाल पुलिस छह भोजपुरी गानों, आठ इंस्टाग्राम अकाउंट और एक यूट्यूब चैनल से जुड़े मामले की जांच कर रही है. प्राथमिकी में नाम आने वाले सभी लोगों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.