Bihar Road Accident: बिहार के भोजपुर जिले में मंगलवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बिहिया-बिहटा स्टेट हाईवे पर इमादपुर थाना क्षेत्र के बिहटा स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई ।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बकूची थाना क्षेत्र अंतर्गत बकूची मिश्रा गांव निवासी सरवन गोड़ के 20 वर्षीय पुत्र विनय गोड़ के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल युवक चरपोखरी थाना क्षेत्र के गड़हनी गांव निवासी 25 वर्षीय पवन कुमार बताया जा रहा है। घायल युवक का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार विनय गोड़ अपने दोस्त पवन कुमार के साथ बिहटा गांव में आयोजित एक गायक के कार्यक्रम को देखने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद मंगलवार की दोपहर दोनों स्कूटी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिहटा स्थित पेट्रोल पंप के पास एक ट्रैक्टर सड़क पर बैक किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से गिर पड़े। हादसे में स्कूटी चला रहे विनय गोड़ को गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठा पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।