Bihar News: बिहार के भोजपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां मोबाइल पर रील्स देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आरा नगर थाना क्षेत्र के बिंद टोली में गुस्से में एक गर्भवती महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
मृतका की पहचान 24 वर्षीय पार्वती देवी के रूप में हुई है। वह भोजपुर जिले के महिनावां गांव निवासी गोविंद महतो की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि पार्वती देवी अपने पति और बच्चों के साथ गुजरात के राजकोट में रहकर काम करती थीं। करीब आठ दिन पहले ही वह राजकोट से अपने मायके बिंद टोली आई थीं।
परिजनों के अनुसार घटना के दिन मोबाइल पर रील्स देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज होकर पार्वती देवी ने गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका के भाई धनु कुमार ने बताया कि परिवार को उम्मीद नहीं थी कि मामूली विवाद इतना बड़ा रूप ले लेगा। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।