ARRAH: भोजपुर जिले के ख्वासपुर थाना क्षेत्र के जानकी बाजार गांव में एक गर्भवती नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार की शाम हुई इस घटना के बाद पति और ससुराल के अन्य सदस्य शव को घर में छोड़कर फरार हो गए। मृतका के मायके वालों ने दहेज में पैसे की मांग को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है।


मृतका की पहचान जानकी बाजार गांव निवासी कल्लू साह की 20 वर्षीय पत्नी नंदनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नंदनी गर्भवती थी। घटना के बाद मृतका के नाक से खून निकल रहा था और उसके गले पर काले रंग का निशान पाया गया। मायके वालों का आरोप है कि दहेज में पैसे की मांग को लेकर बेल्ट से गला दबाकर उसकी हत्या की गई है।


घटना की सूचना मिलते ही ख्वासपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से विभिन्न साक्ष्य एकत्रित किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।


फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद से पति और ससुराल के अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।