Bihar Crime News: बिहार के भोजपुर जिले से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पति पर अपनी ही पत्नी पर कैंची से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है. हमले में 26 वर्षीय राखी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. महिला का दावा है कि उनके पति ने कैंची से 170 से अधिक बार वार किया. फिलहाल राखी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है. उन्होंने आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है.
मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा गांव का है. राखी देवी की शादी जून 2019 में पंकज कुमार ठाकुर से हुई थी. दोनों के दो छोटे बच्चे हैं. इनमें तीन साल का बेटा अभिराज और दो साल की बेटी परी है. राखी के मुताबिक, शादी के कुछ समय बाद ही पति उन पर शक करने लगे थे. वह अपने बड़े भाई राजा बाबू उर्फ बंकु के साथ उनके रिश्ते को लेकर सवाल उठाते थे. राखी ने इन आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था.
राखी ने बताया कि घटना से पहले भी पति उनके साथ मारपीट कर चुके थे और जान से मारने की धमकी दी थी. इसके बाद उन्होंने अपने पिता मनोज ठाकुर को फोन कर पूरी बात बताई. पिता की सलाह पर वह 15 अक्टूबर को अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थीं.
राखी के अनुसार, घटना से करीब एक सप्ताह पहले पंकज उनके मायके पहुंचे थे. उन्होंने अपनी तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही और परिवार के लोगों से माफी मांगी. इसके बाद राखी बच्चों के साथ वापस ससुराल लौट आईं. परिवार की ओर से पंकज का सीटी स्कैन भी कराया गया था.
रात दो बजे मोबाइल को लेकर शुरू हुआ विवाद
राखी का आरोप है कि घटना वाली रात करीब दो बजे पंकज मोबाइल हैक होने की बात कहकर उनसे विवाद करने लगे. इसके बाद उन्होंने अपने पिता को बुलाकर मोबाइल भी चेक कराया. राखी के मुताबिक, कुछ देर बाद ही पंकज ने कैंची से उन पर हमला कर दिया.
हमले में राखी गंभीर रूप से घायल हो गईं. इसके बाद उनके ससुर और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है.
अस्पताल में भर्ती राखी ने अपने पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनके दो छोटे बच्चे हैं और अब उनकी परवरिश की जिम्मेदारी परिवार के लोगों पर आ गई है. राखी का कहना है कि उन्हें इंसाफ चाहिए और आरोपी को उसके किए की सजा मिलनी चाहिए.