Bihar Crime News: बिहार के भोजपुर जिले से दहेज प्रथा को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। बड़हरा थाना क्षेत्र के छपरा पर गांव में दहेज में मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर एक विवाहिता की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मृतका की पहचान छपरा पर गांव निवासी टंटन सिंह उर्फ प्रेम सिंह की 24 वर्षीय पत्नी बुचन कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को दहेज को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बुचन कुमारी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई। मृतका के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। वहीं दाहिने हाथ पर कटने का निशान भी पाया गया है, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे तो घर में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या दहेज के लिए की गई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
घटना के बाद ससुराल पक्ष के कई लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर बड़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।