Bharat Tiwari encounter case: भारत तिवारी एनकाउंटर मामले में पांच महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न्याय नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने अब आंदोलन तेज करने का फैसला किया है। मृतक भारत तिवारी की मां आशा देवी ने सरकार को 26 नवंबर तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 27 नवंबर से भूख हड़ताल शुरू करेंगी।



आशा देवी ने समाज के सभी वर्गों से 27 नवंबर को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने और परिवार का समर्थन करने की अपील की है। इस संबंध में भारत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें आशा देवी ने अपनी मांगों और आगामी आंदोलन को लेकर बात रखी है।



वीडियो में आशा देवी ने भावुक होते हुए कहा कि बेटे को न्याय दिलाने के लिए उनका संघर्ष आखिरी सांस तक जारी रहेगा। प्रस्तावित भूख हड़ताल में उनके साथ भारत के भाई चंदन तिवारी, भाभी सुमन देवी और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल होंगे। परिवार का दावा है कि इस आंदोलन को समर्थकों का भी साथ मिल रहा है।



आशा देवी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि मामले में अब तक केवल एसटीएफ के सिपाही अक्षय की गिरफ्तारी हुई है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपित अब भी गिरफ्तार नहीं किए गए हैं।



परिजनों ने सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी, पूरे मामले की एसआईटी (SIT) से निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। आशा देवी ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह अपनी फरियाद लेकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात करेंगी।



उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वहां से भी न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह कर लेंगी। आशा देवी ने कहा कि भारत तिवारी ने समाज के लिए अपनी जान दी है, इसलिए न्याय की यह लड़ाई केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। उन्होंने कहा कि अगर मैं हारी तो सिर्फ मैं नहीं हारूंगी, बल्कि पूरा बिहार और पूरा देश हारेगा।



गौरतलब है कि यह मामला 17 जून 2026 का है। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए एनकाउंटर में भारत तिवारी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही मामला विवादों में है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि भारत तिवारी ने हथियार फेंक दिए थे, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें गोली मार दी। इसी आरोप को लेकर परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है। अब पांच महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने 27 नवंबर से भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है।