Bihar Road Accident: भोजपुर जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईपास रोड स्थित इंदू तपेश्वर महिला कॉलेज के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बिहार पुलिस स्पेशल ब्रांच के एएसआई की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।


बताया जाता है कि आरा के माउंट लिट्रा स्कूल बस ने बाइक सवार एएसआई को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।


मृतक की पहचान आयर थाना क्षेत्र के बलिगांव गांव वार्ड संख्या-9 निवासी सह बलिगांव पंचायत के पैक्स अध्यक्ष राम लायक सिंह के 42 वर्षीय पुत्र राजीव रंजन उर्फ गोल्डी के रूप में की गई है। वह बिहार पुलिस स्पेशल ब्रांच में एएसआई के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में पटना में तैनात थे।


घटना के संबंध में मृतक के रिश्तेदार अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बीते 19 मई को उनके दादाजी का निधन हो गया था। सोमवार को गांव में सत्यनारायण पूजा का कार्यक्रम आयोजित था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राजीव रंजन बाइक से पटना ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान बाईपास रोड स्थित इंदू तपेश्वर महिला कॉलेज के समीप तेज रफ्तार माउंट लिट्रा स्कूल बस ने उन्हें कुचल दिया।


हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि भागने के क्रम में चालक प्राइवेट बस स्टैंड के समीप स्कूल बस छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।