Bihar Electricity News: आरा सदर प्रखंड के हसनपुरा गांव में पिछले 15 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से परेशान ग्रामीणों का बुधवार को गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और हसनपुरा बाजार के पास आरा-अखगांव मुख्य सड़क को जाम कर दिया. इस दौरान लोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और स्थानीय सांसद व विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.


ग्रामीणों के अनुसार, गांव का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण करीब दो सप्ताह से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद है. लगातार बिजली नहीं रहने से गांव के करीब 200 घरों और लगभग दो हजार की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं.


बिजली संकट का असर गांव के स्कूली बच्चों पर भी पड़ रहा है. ग्रामीणों के मुताबिक, गर्मी और उमस के बीच स्कूलों में पंखे नहीं चल पाने से बच्चों को काफी परेशानी हो रही है. घरों में भी बिजली नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. इसे लेकर अभिभावकों में भी नाराजगी है.


बिजली की समस्या को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय सांसद और विधायक के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से गांव में बिजली नहीं है, इसके बावजूद किसी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया.


ग्रामीणों की मांग है कि जल्द से जल्द जले हुए ट्रांसफार्मर को बदलकर गांव में बिजली आपूर्ति बहाल की जाए. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि जब तक बिजली की समस्या दूर नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.


सड़क जाम होने से आरा-अखगांव मुख्य मार्ग पर काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा. सड़क पर प्रदर्शन के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.