Vikramshila Setu News: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. पुल की मरम्मत का काम तेजी से कराया जा रहा है और इसे 30 जनवरी 2027 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया है. पुल के चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों पर गर्डर लगाने का काम पूरा हो चुका है. वहीं, एक्सपेंशन जॉइंट बदलने से लेकर बॉल बेयरिंग लगाने तक का काम भी जारी है.


रविवार को बिहार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र ने विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने मरम्मत कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने का निर्देश दिया. मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से 30 जनवरी तक पुल को हैंडओवर करने का लक्ष्य दिया गया है. इसी के अनुसार निर्माण एजेंसी काम कर रही है.


चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों पर लगा गर्डर

मंत्री ने बताया कि पुल के चार क्षतिग्रस्त हिस्सों पर स्टील ट्रस ब्रिज लगाने का काम किया जा रहा है. इन सभी हिस्सों पर गर्डर लगाए जा चुके हैं. भागलपुर की तरफ पहले और दूसरे क्षतिग्रस्त हिस्से में करीब 70 से 75 प्रतिशत काम पूरा हो गया है. वहीं, नवगछिया की तरफ के दोनों हिस्सों में मरम्मत का काम करीब 90 प्रतिशत तक पहुंच चुका है.


67 में से 20 एक्सपेंशन जॉइंट बदले गए

विक्रमशिला सेतु की मरम्मत के दौरान 67 एक्सपेंशन जॉइंट खराब पाए गए थे. इनमें से 20 जॉइंट बदले जा चुके हैं, जबकि बाकी को बदलने का काम जारी है. इसके अलावा पुल के जिन हिस्सों में बॉल बेयरिंग बदलने की जरूरत है, वहां भी काम कराया जा रहा है.


मरम्मत के बाद 70 टन भार क्षमता के होंगे वाहन

पुल पर भारी वाहनों के परिचालन को लेकर भी पथ निर्माण मंत्री ने स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि मरम्मत के बाद विक्रमशिला सेतु की भार क्षमता में कोई कटौती नहीं होगी. पुल की डिजाइनिंग पहले की तरह 70 टन भार क्षमता के अनुरूप ही रहेगी. भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगने की बात को उन्होंने अफवाह बताया.


फुल लोड टेस्ट के बाद ही शुरू होगा परिचालन

मंत्री ने बताया कि 30 जनवरी तक पुल का काम पूरा कर उसे हैंडओवर करने का लक्ष्य है. इसके बाद पुल की क्षमता जांचने के लिए फुल लोड टेस्ट कराया जाएगा. जांच में सब कुछ सही पाए जाने के बाद ही आम वाहनों के लिए पुल खोला जाएगा.


विक्रमशिला सेतु के चालू होने से भागलपुर, नवगछिया के साथ कोसी और सीमांचल के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. फिलहाल पुल की मरम्मत का काम पूरा करने के लिए पथ निर्माण निगम और एसपी सिंगला कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी लगातार काम की निगरानी कर रहे हैं.