Vikramshila Setu: भागलपुर का क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु के पुनर्निर्माण के लिए 29 अगस्त से पुल पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम 28 अगस्त की रात से पुल पर बैरिकेडिंग शुरू करेगा। पहले एक सितंबर से ट्रैफिक ब्लॉक करने की योजना थी, लेकिन समय पर काम शुरू करने और यातायात संबंधी समस्याओं से बचने के लिए तीन दिन पहले ही पुल को बंद करने का निर्णय लिया गया है।
विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्निर्माण का काम 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर करीब 99 करोड़ रुपये खर्च होंगे। पुल निर्माण निगम के अनुसार, टूटे हुए हिस्से का सुपर स्ट्रक्चर अगले एक सप्ताह में भागलपुर और नवगछिया की ओर पहुंच जाएगा। इसका निर्माण हरियाणा के पंचकूला में कराया जा रहा है।
पुनर्निर्माण के दौरान चार सुपर स्ट्रक्चर को बदला जाएगा। साथ ही पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट और बेयरिंग भी बदले जाएंगे। बेली ब्रिज को हटाकर सेतु के पुनर्निर्माण का काम किया जाएगा। चार हिस्सों में तैयार किए गए स्ट्रक्चर को मौके पर लाकर लॉन्चिंग के जरिए स्थापित किया जाएगा।
विक्रमशिला फोरलेन सेतु का निर्माण करा रही एसपी सिंगला कंपनी को ही क्षतिग्रस्त सेतु के सुपर स्ट्रक्चर की स्थापना और पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सुपर स्ट्रक्चर के हिस्से की लंबाई करीब 34 मीटर और चौड़ाई 24 मीटर है।
गंगा में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए नाव और मोटरबोट के परिचालन पर भी रोक लगा दी गई है। इससे पुनर्निर्माण कार्य के दौरान नदी में काम करने में अतिरिक्त सावधानी बरती जाएगी।
पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने दो दिन पहले भागलपुर में आयोजित एक विभागीय कार्यक्रम में कहा था कि विक्रमशिला सेतु के रिस्टोरेशन का काम निर्धारित समय के अनुसार शुरू किया जाएगा। उन्होंने हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सेतु के पास पांटून ब्रिज बनाने की मांग भी की थी। केंद्रीय मंत्री की ओर से इसकी जल्द फिजिबिलिटी जांच कराने की बात कही गई है।
बताते चलें कि तीन मई की देर रात विक्रमशिला सेतु का करीब 34 मीटर लंबा हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गंगा नदी में समा गया था। इसके बाद से इस हिस्से के पुनर्निर्माण की तैयारी चल रही थी।
पुल निर्माण निगम, खगड़िया के वरीय परियोजना अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि 28 अगस्त की रात से बैरिकेडिंग शुरू होगी और 29 अगस्त से पुल को वाहनों के लिए बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार का निर्णय है और 30 नवंबर तक पुनर्निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।