BHAGALPUR:भागलपुर के लाइफ लाइन माने जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर हुए हादसे के बाद सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। बीते रविवार की देर रात पिलर संख्या 133 के पास का स्लैब टूटकर गंगा नदी में समा गया था, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इसी कड़ी में मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एरियल सर्वे कर हालात का जायजा लिया। सर्वे के दौरान बरारी पुल घाट के पास जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौके पर तैनात दिखे और स्थिति की विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि पुल निर्माण विभाग की टीम लगातार काम में जुटी हुई है। वहीं मुख्यमंत्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि मरम्मत कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि आम लोगों के लिए इस महत्वपूर्ण मार्ग को शीघ्र बहाल किया जा सके।
फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता है कि लोगों को कम से कम परेशानी हो और जल्द से जल्द सेतु को सुरक्षित तरीके से चालू किया जा सके। सीएम ने पुल के टूटे हुए हिस्से को ठीक करने के लिए काम को जल्द से जल्द शुरू करने का आदेश दिया है। क्योंकि अभी लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डीएम ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन के नाव नहीं चलेगा। 50 रुपया से अधिक कोई भाड़ा नहीं लेगा। बच्चों का 25 रुपया भाड़ा लगेगा। वही क्षमता के अनुसार ही नाव का परिचालन किया जाएगा।