Vikramshila Express New Timetable: भागलपुर से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली 12367 विक्रमशिला सुपरफास्ट एक्सप्रेस की समय-सारणी में बदलाव किया गया है. रेलवे के नए शेड्यूल के मुताबिक अब यह ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल 15 मिनट देर से पहुंचेगी. पहले जहां ट्रेन अगले दिन सुबह 7:20 बजे आनंद विहार पहुंचती थी, वहीं अब इसका नया पहुंचने का समय सुबह 7:35 बजे निर्धारित किया गया है.


समय-सारणी में बदलाव के बावजूद भागलपुर से ट्रेन के प्रस्थान के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है. 12367 विक्रमशिला एक्सप्रेस भागलपुर स्टेशन से सुबह 11:55 बजे ही रवाना होगी. इसके बाद अगले दिन सुबह 7:35 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी.


नए समय के अनुसार भागलपुर से आनंद विहार तक विक्रमशिला एक्सप्रेस का कुल यात्रा समय अब 19 घंटे 40 मिनट हो जाएगा. पहले यह ट्रेन 19 घंटे 25 मिनट में सफर पूरा करती थी. यानी यात्रियों को अब इस सफर में 15 मिनट अधिक समय लगेगा.


भागलपुर से आनंद विहार के बीच चलने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस की तुलना में भागलपुर-आनंद विहार गरीब रथ सुपरफास्ट एक्सप्रेस कम समय में सफर पूरा करती है. गरीब रथ करीब 19 घंटे 05 मिनट में भागलपुर से आनंद विहार पहुंचती है. नए शेड्यूल के बाद विक्रमशिला एक्सप्रेस को गरीब रथ की तुलना में करीब 35 मिनट अधिक समय लगेगा.


रेलवे ने विक्रमशिला एक्सप्रेस के अलावा मालदा टाउन से दिल्ली और भटिंडा जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस की समय-सारणी में भी संशोधन किया है. इसका असर भागलपुर के साथ-साथ कहलगांव, सुलतानगंज, बरियारपुर, जमालपुर और किऊल रेलखंड के यात्रियों पर भी पड़ेगा.


रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन की नई समय-सारणी की जानकारी लेने की अपील की है. यात्री नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या 139 रेल हेल्पलाइन के जरिए ट्रेन के समय की पुष्टि कर सकते हैं. इससे स्टेशन पहुंचने और आगे की यात्रा की योजना बनाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.