Vikramshila Setu Update: भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने का असर अब शादी-विवाह के मौसम में भी देखने को मिल रहा है. भागलपुर से नवगछिया के बीच सड़क मार्ग से आवाजाही प्रभावित होने के कारण लोगों को गंगा नदी के रास्ते सफर करना पड़ रहा है. ऐसे में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन भी नाव और स्टीमर के सहारे अपनी ससुराल पहुंच रहे हैं. लाल जोड़े में सजे नवविवाहित जोड़ों का गंगा पार करने का यह नजारा घाटों पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.


दरअसल, लंबे इंतजार के बाद शादी-विवाह का मौसम शुरू हो गया है. लग्न के चलते गंगा के अलग-अलग घाटों पर इन दिनों काफी चहल-पहल देखने को मिल रही है. लेकिन विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने के कारण लोगों के सामने आवाजाही की परेशानी खड़ी हो गई है. ऐसे में गंगा का जलमार्ग लोगों के लिए बड़ा सहारा बन गया है. आम यात्रियों के साथ अब बारात और नवविवाहित जोड़े भी इसी रास्ते से सफर कर रहे हैं.


नाव और स्टीमर से ससुराल जा रहे नवदंपति

गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी-कहलगांव और रंगरा थाना क्षेत्र के तिनटंगा दियारा-बटेश्वर समेत गंगा के विभिन्न घाटों से कई नवविवाहित जोड़े नाव और स्टीमर के जरिए अपनी ससुराल के लिए रवाना हुए. शादी के लाल जोड़े में सजे दूल्हा-दुल्हन को एक साथ गंगा पार करते देख घाटों पर मौजूद लोग भी उन्हें देखते रह गए.


नवविवाहित जोड़ों के इस अनोखे सफर का नजारा लोगों को हिंदी फिल्म ‘नदिया के पार’ की याद दिला रहा है. जहां शादी के बाद दुल्हन को लेकर दूल्हा नाव के सहारे नदी पार करता नजर आता है. भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने के कारण कुछ ऐसी ही तस्वीरें इन दिनों गंगा के घाटों पर देखने को मिल रही हैं.


विक्रमशिला सेतु पर आवाजाही प्रभावित होने से भागलपुर और नवगछिया के बीच सड़क मार्ग से सफर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में नाव और स्टीमर के जरिए गंगा पार करना लोगों की मजबूरी बन गया है. शादी के बाद दुल्हन को लेकर घर लौट रहे दूल्हों को भी इसी जलमार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है.


लग्न के इस मौसम में जहां एक ओर शादी की खुशियां देखने को मिल रही हैं, वहीं दूसरी ओर विक्रमशिला सेतु पर आवागमन बाधित होने के कारण नवदंपतियों का यह जलमार्ग से सफर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.