Bihar News: भागलपुर के नवगछिया में शादी के महज 18 दिन बाद एक नवविवाहिता के कथित प्रेमी के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नवविवाहिता पहली बार पति के साथ मायके जा रही थी। रास्ते में पति के रसगुल्ला खरीदने के दौरान वह कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ वहां से निकल गई। पुलिस ने डायल-112 की मदद से रात करीब दो बजे दोनों को राघोपुर बहतरा से बरामद कर लिया।



जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिले के सुखसेना निवासी तारावती कुमारी की शादी 7 अगस्त को नारायणपुर थाना क्षेत्र के चकरामी निवासी पिंटू कुमार से हुई थी। मंगलवार को वह शादी के बाद पहली बार पति के साथ मायके जा रही थी।



रास्ते में नवविवाहिता ने ससुराल वालों के लिए रसगुल्ला खरीदने की बात कही। इसके बाद दोनों नवगछिया बाजार के मिल टोला स्थित सोनी डेयरी पहुंचे। पति जब रसगुल्ला खरीदने में व्यस्त था, तभी नवविवाहिता कथित तौर पर पहले से संपर्क में रहे युवक उत्कर्ष कुमार के साथ वहां से चली गई।



पत्नी के अचानक गायब होने के बाद पति ने उसकी तलाश शुरू की और डायल-112 को सूचना दी। पुलिस ने जांच के दौरान कथित प्रेमी का पता बोरवा गांव में लगाया। वहां से मिली जानकारी के आधार पर नवविवाहिता के राघोपुर बहतरा में होने का पता चला।



इसके बाद ईआरवी-14 जहान्वी चौक की टीम मौके पर पहुंची। टीम में राहुल राज और चालक चंद्रशेखर यादव शामिल थे। पुलिस ने रात करीब दो बजे नवविवाहिता और उसके कथित प्रेमी को राघोपुर बहतरा से बरामद कर लिया। परबत्ता थानाध्यक्ष अश्वनी सिन्हा ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से स्थानीय थाना में आवेदन दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।