Bihar Road Accident: भागलपुर के कहलगांव में सोमवार की अहले सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. रसलपुर थाना क्षेत्र में थाने के ठीक पास तेज रफ्तार हाइवा और यात्रियों से भरे टोटो की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में टोटो चालक 22 वर्षीय अमित कुमार की मौत हो गई, जबकि टोटो पर सवार छह यात्री घायल हो गए. इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया है.


हादसा एकचारी-मोहनपुर मुख्य मार्ग पर रसलपुर थाना के समीप हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और टोटो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.


हादसे में टोटो चालक की मौत

मृतक की पहचान सनोखर थाना क्षेत्र के सिलहन खजुरिया गांव निवासी लुटेश्वर ठाकुर के 22 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है. अमित टोटो चलाकर अपने परिवार का सहयोग करता था. वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था.


हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान सिलहन खजुरिया निवासी 26 वर्षीय ब्रजेश तांती, भिरौनधा निवासी 50 वर्षीय भुवनेश्वर पासवान, बसंतराय थाना क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय प्रिंस कुमार, 40 वर्षीय रोजी देवी, 12 वर्षीय आयुष कुमार और 50 वर्षीय राजेश मंडल के रूप में हुई है.


तीन घायलों की हालत गंभीर

हादसे के बाद सभी घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीन लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया. गंभीर घायलों में ब्रजेश तांती, भुवनेश्वर पासवान और राजेश मंडल शामिल हैं. अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है.


अमित कुमार की मौत की खबर जैसे ही सिलहन खजुरिया गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अमित के परिवार के लिए सुबह का यह हादसा ऐसी खबर लेकर आया, जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया. गांव में भी घटना के बाद मातम का माहौल है.


घटना की सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.