Bihar News: भोजपुर जिले में शुक्रवार की सुबह दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई. पीरो थाना क्षेत्र में तड़के चाय पीने बाजार जा रहे 40 वर्षीय युवक को अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर कोईलवर और कुल्हड़िया स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से गिरने के कारण असम निवासी एक युवक की भी जान चली गई.


चाय पीने बाजार जा रहे युवक को ट्रक ने कुचला

पहली घटना पीरो थाना क्षेत्र की है. यहां आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर पीरो अनुसूचित जाति टोला के समीप शुक्रवार की तड़के सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना गंभीर था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया.


मृतक की पहचान पीरो थाना क्षेत्र के नगर पंचायत इब्राहिमपुर वार्ड संख्या-25 निवासी अमावस साह के 40 वर्षीय पुत्र प्रेमचंद्र साह उर्फ पोतन के रूप में हुई है.


स्वजन के अनुसार, शुक्रवार की तड़के करीब तीन बजे प्रेमचंद्र साह की नींद खुली थी. इसके बाद वह चाय पीने के लिए पीरो बाजार जाने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान अनुसूचित जाति टोला के समीप सड़क पार करते समय अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गए. हादसे के बाद आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची.


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया. हादसे के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


प्रेमचंद्र साह दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे स्थान पर थे. उनके परिवार में मां कौशल्या देवी, पत्नी ज्ञानती देवी और चार वर्षीय पुत्र ओम कुमार हैं. घटना के बाद परिवार के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है.


ट्रेन से गिरकर असम के युवक की मौत

दूसरी घटना दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर कोईलवर और कुल्हड़िया स्टेशन के बीच हुई. यहां चलती ट्रेन से गिरने के कारण असम निवासी एक युवक की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरा रेल थाना ले आई.


मृतक की पहचान असम के तामूलपुर जिले के कमूलपुर थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव निवासी स्व. नागेंद्र दास के पुत्र निरंजन दास के रूप में हुई है.


स्वजन के अनुसार, निरंजन दास मंगलवार को घर से ट्रेन के जरिए मुंबई जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान कोईलवर और कुल्हड़िया स्टेशन के बीच चलती ट्रेन से वह नीचे गिर गए. हादसे में उनकी मौत हो गई.


घटना की जानकारी मिलने के बाद रेल पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने पर गुरुवार को स्वजन आरा रेल थाना पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम आरा सदर अस्पताल में कराया.


पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ असम ले गए. निरंजन की मौत की खबर मिलने के बाद पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.