Bihar Flood Alert: भागलपुर के राघोपुर में गंगा का रौद्र रूप लगातार तबाही मचा रहा है. भीषण कटाव की वजह से करीब एक सदी पुराने चैती दुर्गा मंदिर और हनुमान मंदिर देखते ही देखते गंगा की तेज धार में समा गए. जिस जगह वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी थी, वहां अब सिर्फ गंगा की उफनती धारा नजर आ रही है. 



मंदिर के भरभराकर नदी में समाने का मंजर देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. कटाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर की डीएम अलंकृता पांडे मौके पर पहुंचीं और प्रभावित इलाके का निरीक्षण किया।



इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कटाव और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी ली। डीएम अलंकृता पांडे ने बताया कि कटाव से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और ऊंचे इलाकों में ले जाया जा रहा है साथ ही जिन लोगों के मकान कटाव प्रभावित क्षेत्र में हैं उनसे सुरक्षित स्थान पर चले जाने की अपील की जा रही है। 



प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं राघोपुर में गंगा की तेज धारा के कारण कटाव का खतरा लगातार बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार माइकिंग कर लोगों को कटाव से दूर रहने की अपील की जा रही है।