Bihar Car Fire Accident: बिहार के भागलपुर जिले में NH-80 पर मंगलवार को चलती कार में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई. पीरपैंती थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर फोरलेन पर ककरघट गांव के समीप हुई इस घटना में कार देखते ही देखते आग की लपटों से घिर गई. हालांकि, चालक की सूझबूझ से कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया.


जानकारी के अनुसार, कार पटना से पीरपैंती की ओर जा रही थी. वाहन में चालक प्रेमचंद समेत कुल तीन लोग सवार थे. तीनों को एक निजी कॉर्पोरेट कंपनी का अधिकारी बताया जा रहा है. सफर के दौरान अचानक कार से धुआं निकलने लगा. स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत वाहन रोका और सभी सवार बाहर निकल आए.


कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते गाड़ी जलकर खाक हो गई. घटना के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों की भीड़ जुट गई. राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.


घटना के दौरान उसी रास्ते से गुजर रहीं मुखिया संघ की बिहार प्रदेश उपाध्यक्ष झुंपा सिंह मौके पर रुकीं. उन्होंने तत्काल स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पीरपैंती थाना के एसआई संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.


आग बुझाने के लिए कहलगांव और पीरपैंती से दमकल की दो छोटी गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. पुलिस ने घटनास्थल पर आवश्यक कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी है.


NH-80 पर चलती कार में आग लगने की इस घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा. समय रहते सभी सवारों के बाहर निकल जाने से किसी की जान नहीं गई, जबकि कार पूरी तरह जल गई.