MUNGER: भागलपुर और मुंगेर के बीच प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन के निर्माण की प्रक्रिया तेज हो गई है। मुंगेर डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर ने रेलवे अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण किया। परियोजना के लिए करीब 60 एकड़ जमीन का अधिग्रहण होना है, जिसमें मुंगेर जिले का लगभग 18 किलोमीटर लंबा रेलखंड शामिल है।
भागलपुर और मुंगेर के बीच प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन के निर्माण को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने की कवायद शुरू हो गई है। इसी कड़ी में मुंगेर जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर और रेलवे के उप मुख्य अभियंता (निर्माण) ने संयुक्त रूप से प्रस्तावित रेल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित रेल लाइन के मार्ग, भूमि की उपलब्धता और भूमि अधिग्रहण से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। इस मौके पर अपर समाहर्ता सुमन कुमार साह, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी पंकज कुमार, अवर निबंधक अश्विनी कुमार समेत रेलवे और जिला प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन के निर्माण के लिए करीब 60 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाना है।
इसमें मुंगेर जिले के अंतर्गत लगभग 18 किलोमीटर लंबा रेलखंड शामिल है। निरीक्षण के दौरान भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
मुंगेर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और रेल परियोजना के कार्यान्वयन का रास्ता सुगम हो सके।
भागलपुर-मुंगेर के बीच प्रस्तावित तीसरी रेल लाइन का निर्माण रेल परिचालन की क्षमता बढ़ाने और भविष्य में रेल यातायात को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट