BHAGALPUR: नवगछिया में पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मंत्री जात-पात की राजनीति से बचने की बात करते हुए JDU सांसद अजय मंडल पर भी निशाना साधते नजर आ रहे हैं।
वो बाढ़ पीड़ितों से कह रहे हैं जात-पात बंद करना चाहिए। एक अंजान आदमी 61 हजार वोट ले आया जो कभी क्षेत्र में नहीं घूमा। क्या ऐसा होना चाहिए था? काम करने वाले को वोट नहीं मिलता है और घर में बैठने वाले को 61 हजार वोट मिल जाता है।
वीडियो में मंत्री कहते सुनाई दे रहे हैं कि अजय मंडल JDU के सांसद हैं और उन्हें सरकार के पास जाकर अपनी बात रखनी चाहिए। इसके बजाय सांसद बेली ब्रिज के निर्माण को लेकर घोटाले का आरोप लगा रहे हैं।
'चेत जाइए, नहीं तो आने वाला समय बहुत गड़बड़ होगा'
मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने सांसद को चेतावनी देते हुए कहा, "चेत जाइए, नहीं तो आने वाला समय बहुत गड़बड़ होने वाला है।" उन्होंने कहा कि करीब दो साल बाद चुनाव होने वाला है और जनता सब कुछ देख रही है। मंत्री के इस बयान के बाद नवगछिया और भागलपुर की स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बाढ़ के दौरान सांसद की मौजूदगी पर भी उठाए सवाल
वायरल वीडियो में पथ निर्माण मंत्री ने बाढ़ की स्थिति के दौरान JDU सांसद अजय मंडल की क्षेत्र में मौजूदगी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में सांसद क्षेत्र में कितने सक्रिय रहे, इसका जवाब जनता को देना होगा। मंत्री ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मंत्री के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर इसे लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर सांसद अजय मंडल की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल, बेली ब्रिज को लेकर लगाए गए आरोपों और मंत्री के जवाब के बीच यह मामला भागलपुर की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।