Bihar News: भागलपुर के कहलगांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सदानंदपुर पंचायत के कवैया टोला स्थित तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो नाबालिग स्कूली छात्रों की मौत हो गई। हादसे के बाद नंदलालपुर हरिजन टोला में मातम का माहौल है।



मृतकों की पहचान नंदलालपुर हरिजन टोला निवासी गिरिराज दास के 15 वर्षीय पुत्र विभीषण कुमार और सुनील दास के 12 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। दोनों छात्र स्थानीय मध्य विद्यालय कामत टोला में पढ़ते थे।



जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद चार छात्र एक साथ खेलने और घूमने निकले थे। इसी दौरान सभी कवैया टोला स्थित तालाब के पास पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। नहाने के दौरान दो छात्र सुरक्षित तैरकर तालाब से बाहर निकल आए, जबकि विभीषण कुमार और मनीष कुमार गहरे पानी की ओर चले गए। दोनों अचानक संतुलन खो बैठे और डूबने लगे।



बाहर निकले बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।



दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले जाने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतकों की माताएं अपने बच्चों के शव से लिपटकर बिलखने लगीं। परिजनों के करुण क्रंदन से पूरे इलाके का माहौल गमगीन हो गया। दो नाबालिग छात्रों की अचानक हुई मौत से नंदलालपुर हरिजन टोला में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी इस हादसे से सदमे में हैं।



घटना की सूचना मिलते ही कहलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और घटनास्थल पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद दोनों छात्रों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया।



घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत की मुखिया प्रभा देवी, पूर्व सरपंच विभा देवी और अनिरुद्ध रजक ने शोक व्यक्त किया। जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन विभाग से दोनों पीड़ित परिवारों को आपदा राहत योजना के तहत जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।