Bihar Education Department: बिहार के भागलपुर में रिश्वतखोरी के मामले में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार की गिरफ्तारी के बाद अब शिकायतकर्ता प्रखंड साधन सेवी (BRP) रजनीश कुमार दास पर ही शिक्षा विभाग ने कार्रवाई कर दी है. जिस रजनीश कुमार दास की शिकायत पर निगरानी विभाग ने डीपीएम को 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था, अब उन्हें विभाग ने तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है. साथ ही उन पर 1 लाख 24 हजार 931 रुपये का दंड भी लगाया गया है.


शिक्षा विभाग की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, रजनीश कुमार दास के मानदेय और अन्य मदों में बकाया राशि का हिसाब करने के बाद निर्धारित दंड की पूरी राशि वसूल करने का निर्देश दिया गया है. इसके साथ ही उन्हें तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करने का आदेश जारी किया गया है. इस कार्रवाई के लिए चार नवंबर को जारी पूर्व के आदेश में भी संशोधन किया गया है.


पहले से वित्तीय अनियमितता के आरोप

विभागीय सूत्रों के मुताबिक, रजनीश कुमार दास के खिलाफ वित्तीय अनियमितता और सरकारी राशि की निकासी से जुड़े मामले में पहले से विभागीय कार्रवाई चल रही थी. इसी मामले में अब उन पर दंड लगाते हुए कार्यमुक्त कर दिया गया है. डीपीएम की गिरफ्तारी के बाद शिकायतकर्ता पर हुई इस कार्रवाई से मामला और चर्चा में आ गया है.


21 नवंबर को निगरानी ने DPM को किया था गिरफ्तार

दरअसल, मध्याह्न भोजन योजना में रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 21 नवंबर को कार्रवाई की थी. बीआरपी रजनीश कुमार दास ने जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी विभाग ने धावा दल का गठन किया और कार्रवाई करते हुए डीपीएम को 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया था.


शिकायतकर्ता पर साजिश रचने का भी दावा

इस पूरे मामले में विभागीय सूत्रों की ओर से यह दावा भी किया जा रहा है कि रजनीश कुमार दास ने अपनी विभागीय कार्रवाई से बचने के लिए डीपीएम मनोज कुमार को रिश्वत के मामले में फंसाने की साजिश रची थी. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि शिकायतकर्ता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई और डीपीएम की गिरफ्तारी के बीच कोई संबंध है या नहीं.


निगरानी विभाग ने क्या बताया?

निगरानी अन्वेषण विभाग के डीएसपी रामविलास सिंह के अनुसार, रजनीश कुमार दास ने पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनोज कुमार सिंह के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें आरोपों की पुष्टि होने के बाद मामला दर्ज कर धावा दल बनाया गया. इसके बाद 21 नवंबर को कार्रवाई करते हुए डीपीएम को 1 लाख 10 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया.


अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस शिकायत के आधार पर निगरानी विभाग ने डीपीएम को गिरफ्तार किया, उसी शिकायतकर्ता पर बाद में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई क्यों की. दोनों मामलों के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, यह जांच का विषय है.