Bihar Road Accident News: बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। सुलतानगंज-भागलपुर मुख्य सड़क (NH-80) पर बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार कार ने स्कूल जा रहे तीन बच्चों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं और जिंदगी के लिए जंग लड़ रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
यह हादसा सुलतानगंज थाना क्षेत्र के पैन गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, महेशी गांव के रहने वाले तीनों बच्चे रोज की तरह साइकिल से स्कूल जा रहे थे। तभी अचानक तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे लगभग 20 से 25 फीट दूर जा गिरे। उनकी साइकिलें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
एक घर की बुझ गई रोशनी
इस हादसे में 16 वर्षीय करुणा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। करुणा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, 12 वर्षीय अंश कुमार और 15 वर्षीय दिव्यांशु कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। बिना समय गंवाए उन्होंने घायलों को सुलतानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय पर इलाज मिल सका।
चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद वह मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया और करीब दो किलोमीटर दूर उसे पकड़ लिया। हालांकि बाद में चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस क्या कहती है?
एएसपी संयम राजा ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है और दो बच्चों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस चालक की पहचान कर रही है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
गांव में पसरा मातम, लोगों में आक्रोश
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मासूम की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।