MOKAMA:बिहार के मोकामा-बेगूसराय फोरलेन पर चलती 18 चक्का ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। हालांकि, चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। सूचना मिलते ही हाथीदह थाना पुलिस दमकल के साथ मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
डीजल लीक होने से लगी आग
हाथीदह थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार सिंह के अनुसार, ट्रक अरवल से बालू लेकर बेगूसराय जा रहा था। इसी दौरान आउंटा गोलंबर से सिक्स लेन पुल के बीच ट्रक से डीजल लीक होने लगा। आशंका है कि इसी वजह से चिंगारी उठी और ट्रक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
चालक ने समय रहते बचाई जान
आग लगने का पता चलते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे खड़ा किया और तुरंत नीचे उतरकर दूर चला गया। इससे उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही हाथीदह थाना पुलिस दमकल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
पुलिस टीम ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग की वजह से ट्रक पूरी तरह जल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।