BEGUSARAI: ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का आक्रोश अब सड़क पर उतर आया है। रविवार को केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर शहर में जोरदार पैदल आक्रोश मार्च निकाला। जीडी कॉलेज से शुरू हुआ यह मार्च हरहर महादेव स्थित हनुमान चौक पहुंचा, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।


इस दौरान पूरा इलाका ‘वंदे मातरम का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’ और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी से गूंज उठा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ को लेकर अपनाया गया रवैया देश के राष्ट्रवादियों और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है।


‘वंदे मातरम’ देश के स्वाभिमान का प्रतीक : गिरिराज सिंह

हनुमान चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने मिलकर ‘वंदे मातरम’ का अपमान किया है।


गिरिराज सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ महज कोई गीत नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान, राष्ट्रवाद और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। आजादी की लड़ाई में हमारे पूर्वजों और असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष करते हुए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि जिस ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष के साथ देश के वीरों ने बलिदान दिया, आज उसी राष्ट्रीय गौरव को लेकर कांग्रेस का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।


‘मोदी का विरोध करते-करते भारत को बदनाम करने लगे’

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते अब भारत और देश के राष्ट्रीय गौरव से जुड़े प्रतीकों को भी बदनाम करने लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं है। देश के प्रत्येक जिले में कार्यकर्ता विरोध दर्ज करा रहे हैं। बेगूसराय में काली पट्टी बांधकर निकाला गया आक्रोश मार्च इसी विरोध का हिस्सा है। गिरिराज सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ‘वंदे मातरम’ का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे देश के स्वाभिमान और राष्ट्रभावना से जुड़ा विषय बताते हुए कांग्रेस को अपने रवैये पर पुनर्विचार करने की नसीहत दी।


गिरिराज सिंह का तीखा हमला-‘कांग्रेस को चुल्लू भर पानी में डूबकर मर जाना चाहिए’

कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए गिरिराज सिंह ने बेहद तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस को चुल्लू भर पानी में डूबकर मर जाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय गौरव से जुड़े विषय पर कांग्रेस का कथित रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि राष्ट्रगीत और देश की अस्मिता से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रकार का अपमान भाजपा कार्यकर्ता और देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।


अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर राहुल गांधी पर निशाना

विरोध प्रदर्शन के दौरान गिरिराज सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भाजपा के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भारतीय राजनीति में प्रधानमंत्री, विपक्ष के नेता और सांसद के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने विपक्ष के नेता की भूमिका को नई ऊंचाई दी और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए राजनीति का आदर्श प्रस्तुत किया।


गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के नेता का पद बेहद महत्वपूर्ण और जिम्मेदारी वाला पद है। विपक्ष सरकार से सवाल कर सकता है, नीतियों का विरोध कर सकता है, लेकिन लोकतांत्रिक मर्यादा और भाषा की गरिमा बनाए रखना भी उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के राजनीतिक जीवन और उनके विपक्ष के नेता वाले स्वरूप से राहुल गांधी को सीख लेने की जरूरत है।


‘कांग्रेस में राहुल गांधी को कोई कुछ कहने वाला नहीं’

गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में राहुल गांधी के बयानों और रवैये पर सवाल उठाने का साहस किसी में नहीं है। उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी के बयानों का अनुकरण करना कांग्रेस के लिए दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत रहेगा, जब सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी जिम्मेदारियों को समझेंगे। विपक्ष का नेता देश के लोकतांत्रिक ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है और उसे अपने पद की गरिमा के अनुरूप आचरण करना चाहिए।


हनुमान चौक पर फूंका गया पुतला, गूंजते रहे नारे

आक्रोश मार्च के हनुमान चौक पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के पुतले का दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में काली पट्टी और भाजपा के झंडे नजर आए। भाजपा नेताओं ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ देश की आन-बान और शान से जुड़ा विषय है और इसके सम्मान के लिए पार्टी कार्यकर्ता हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे। गौरतलब है कि ‘वंदे मातरम’ को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के नेतृत्व में निकाले गए इस आक्रोश मार्च और राहुल गांधी के पुतला दहन ने जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।