Bihar Pakistan Spy Case: असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने पाकिस्तान तक सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पहुंचाने के आरोप में बिहार के दो युवकों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों में पूर्वी चंपारण के 31 वर्षीय अभिषेक कुमार सिंह और बेगूसराय के 39 वर्षीय रीतेश सिंह शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, दोनों गुवाहाटी के सतगांव थाना क्षेत्र के गांधीनगर में किराये के मकान में रह रहे थे.
असम पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपित पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी से जुड़े एक ऑपरेटिव के संपर्क में थे और सुरक्षा बलों से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा कर रहे थे. पुलिस के अनुसार, इस मामले में सेना की मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिले शुरुआती इनपुट के आधार पर कार्रवाई की गई.
सेना के रिटायर्ड जवान का भी नाम
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा ने बताया कि सुरक्षा से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान को उपलब्ध कराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सेना का एक सेवानिवृत्त जवान भी शामिल है. उन्होंने बताया कि रिटायर्ड जवान को अनुबंध के आधार पर दोबारा नियुक्त किया गया था.
मुख्यमंत्री के अनुसार, दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर की गई. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों कथित तौर पर किस तरह की जानकारी साझा कर रहे थे और उनके संपर्क में और कौन-कौन लोग थे.
मोबाइल, सिम कार्ड और दस्तावेज बरामद
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक कुमार सिंह के कब्जे से एक मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और कुछ दस्तावेज बरामद किए गए हैं. जब्त सामग्री की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपितों ने अब तक कौन-कौन सी जानकारी साझा की और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं.
पूर्वी चंपारण के एसपी स्वर्ण प्रभात ने भी अभिषेक कुमार सिंह की गिरफ्तारी की जानकारी मिलने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर आरोपित के परिवार और उसकी पृष्ठभूमि से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.
फिलहाल असम पुलिस की एसटीएफ दोनों आरोपितों से पूछताछ कर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कथित तौर पर पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव के साथ दोनों का संपर्क कब से था और सुरक्षा से जुड़ी कितनी जानकारी साझा की गई.