Bihar News: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सूबे के एक जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पत्र लिखा. मंत्री की तरफ से बजाप्ता सचिव को पत्र लिखकर निदेशित किया गया. इसके बाद शिक्षा विभाग ने उक्त जिला शिक्षा पदाधिकारी को चेतावनी देकर मामले को खत्म कर दिया. निदेशक प्रशासन की तरफ से इस संबंध में 13 अक्टूबर को पत्र जारी किया गया है. 


शिक्षा मंत्री ने डीईओ के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा...

शिक्षा विभाग के पत्र में कहा गया है कि 13 अगस्त 2026 को शिक्षा मंत्री के कोषांग से प्रे0सं0-M-992 लिखा गया. जिसमें कहा गया है कि मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय द्वारा एक भ्रामक व्हाट्सएप मैसेज डाला गया है. जिसमें सभी उर्दू / मकतब एवं मदरसा विद्यालयों में बृहस्पतिवार को हाफ- डे शिक्षण कार्य संचालित करना निदेशित है. इसे लेकर शिक्षा मंत्री की तरफ से कार्रवाई को लेकर निदेशित किया गया था.


उर्दू विद्यालय में हाफ-डे पर हुआ विवाद 

शिक्षा मंत्री के पत्र के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय से शो-कॉज पूछा गया. जिसमें जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि बेगूसराय जिले में अवस्थित उर्दू / मकतब एवं मदरसा विद्यालयों में पदस्थापित शिक्षकों द्वारा उनसे लगातार पूर्व की भाँति बृहस्पतिवार को हाफ- डे शिक्षण कार्य संचालित करने को लेकर अनुरोध किया जा रहा था। निदेशालय स्तर से सरकारी विद्यालयों में शनिवार को हाफ- डे शिक्षण कार्य संचालित करने का आदेश है. इसे देखते हुए उनके द्वारा पूर्व के परंपरागत विद्यालय संचालन की अवधि के आलोक में WhatsApp Group में संदेश लिखा गया था. 


डीईओ ने आदेश को लिया वापस

इस संदेश के बारे में जानकारी होने पर उनके द्वारा तुरंत ही त्रुटिपूर्ण संदेश को डिलीट कर दिया गया . इसके बाद बृहस्पतिवार को अन्य कार्य दिवस की तरह पूर्ण अवधि तक विद्यालय संचालन होने संबंधी संदेश WhatsApp Group में लिखा गया। वर्तमान में सभी उर्दू मकतब एवं मदरसा विद्यालय पूर्व की भांति संचालित हो रहे हैं. 


चेतावनी जारी कर मामले को किया गया खत्म

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी द्वारा कार्रवाई की सिफारिश, इसके बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार का जवाब मिलने पर शिक्षा विभाग ने भविष्य के लिए चेतावनी देते हुए मामले को संचिकास्त कर दिया है.